Skip to Content

उत्तराखंड : तीन जगह बादल फटा, 6 लोगों की मलबे में दबने से मौत, कई घरों को नुकसान

उत्तराखंड : तीन जगह बादल फटा, 6 लोगों की मलबे में दबने से मौत, कई घरों को नुकसान

Closed
by August 12, 2019 News

उत्तराखंड से बुरी खबर आ रही है यहां बादल फटने के कारण 6 लोग जमीन में दफन हो गए, राज्य में आज सवेरे 3 जगह बादल फटने की खबर है। इस सबके बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 7 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

पहली घटना आज तड़के घटी, चमोली जिले के घाट क्षेत्र के बांजबगड़ गांव में तड़के पांच बजे बादल फटने के कारण एक मकान भूस्‍खलन की चपेट में आ गया। इसमें मां-बेटी की दबकर मौत हो गई। वहीं आली गांव में एक युवती की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोग व आपदा प्रबंधन टीम मौके पर रेस्क्यू आपरेशन चला रही है। 

मिल रही जानकारी के अनुसार बांजबगड़ गांव में अब्बल सिंह का मकान मलबे में दब गया। घर के अंदर सो रही अब्बल सिंह की पत्नी रूपा देवी (35 वर्ष) व बेटी चंदा ( नौ माह) की दबकर मौत हो गई। वहीं, आली गांव में भी बादल फटा, यहां भूस्खलन से नेनू राम का मकान दब गया। इसमें नेनू राम की बेटी नौरती (21 वर्षीय)  मौत हो गई। तीसरी घटना घाट ब्‍लॉक के लांखी गांव में हुई। यहां सुबह 8.45 बजे बादल फटने से गांव के शंकर लाल का मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया। मलबे में दबकर अजय (23 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र लाल, अंजली (8 वर्ष) पुत्री शंकर लाल और आरती (7 वर्ष) पुत्री शंकर लाल की मौत हो गई। सभी मृतकों के शव मलबे से निकाल लिए गए हैं। 

इस सबके बीच तीन दिनों तक सात जिलों चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ, नैनीताल, पौड़ी और देहरादून में भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं लगातार हो रही बारिश के कारण बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री हाईवे मलबा आने के कारण कई जगह बंद हो जा रहा है, जिसको खोलने का सिलसिला जारी है। पिथौरागढ़ जिले में धारचूला- तवाघाट सड़क पर बोल्डर आने के कारण कैलाश मानसरोवर यात्रा पर भी इसका असर पड़ा है। इन सभी जगहों पर यात्रियों और वाहनों को वैकल्पिक रास्ते से निकाला जा रहा है।

( उत्तराखंड के नंबर वन न्यूज, व्यूज और समसामयिक विषयों के पोर्टल मिरर उत्तराखंड से जुड़ने और इसके अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media