Skip to Content

अग्निवीरों पर मोदी सरकार का बड़ा फैसला, अब 4 साल में सेवा खत्म नहीं होगी, बताया देश के विभिन्न जिलों से अग्निवीरों की भर्ती का दायरा बढ़ा

अग्निवीरों पर मोदी सरकार का बड़ा फैसला, अब 4 साल में सेवा खत्म नहीं होगी, बताया देश के विभिन्न जिलों से अग्निवीरों की भर्ती का दायरा बढ़ा

Closed
by November 4, 2026 News

4 Nov. 2026. New Delhi. अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को बड़ी राहत देने की तैयारी। दो साल की अतिरिक्त सेवा के बाद नियमित सैनिक बनने का भी मिलेगा अवसर, कैबिनेट ने दी मंजूरी।

अग्निपथ योजना को लेकर केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों में से शेष 75 प्रतिशत को दो साल की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने की व्यवस्था को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। इस अतिरिक्त सेवा अवधि के पूरा होने के बाद सभी अग्निवीरों को उनकी इच्छा और निर्धारित चयन मानदंडों को पूरा करने की शर्त पर नियमित सैनिक के रूप में भर्ती होने का अवसर दिया जाएगा।

सरकार के मुताबिक, संगठनात्मक जरूरतों और रक्षा बलों की कार्यकारी एवं सामरिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए किए गए मूल्यांकन में अग्निवीरों का प्रदर्शन बेहतर पाया गया है। उनके कौशल, प्रेरणा, शारीरिक फिटनेस और तकनीकी दक्षता को उत्कृष्ट बताया गया है।

पूर्व निर्धारित व्यवस्था के तहत 25 प्रतिशत अग्निवीरों को योग्यता के आधार पर नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा। वहीं, शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों के लिए दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प उपलब्ध होगा। इस अवधि के दौरान उन्हें अधिक पारिश्रमिक, बेहतर सेवा निधि पैकेज और वरिष्ठता से जुड़े लाभ दिए जाएंगे।

चार साल के मूल्यांकन में सामने आईं अग्निपथ योजना की उपलब्धियां

अग्निपथ योजना के चार वर्ष पूरे होने के बाद सरकार ने इसकी प्रभावशीलता और अग्निवीरों के प्रदर्शन को लेकर विस्तृत फीडबैक और मूल्यांकन किया है। इसमें कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां सामने आई हैं।

सरकार के अनुसार, देश के विभिन्न जिलों से अग्निवीरों की भर्ती का दायरा बढ़ा है। भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक मानकीकृत और पारदर्शी हुई है। अग्निवीरों में शारीरिक फिटनेस, मनोबल, प्रेरणा, प्रतिस्पर्धात्मक भावना और अनुशासन का स्तर भी काफी ऊंचा पाया गया है।

इसके अलावा, सेवा के दौरान अग्निवीरों के कौशल, तकनीकी अनुकूलन क्षमता और शैक्षणिक योग्यता में भी वृद्धि दर्ज की गई है। रक्षा बलों की विभिन्न शाखाओं में महिलाओं के लिए भी अवसरों का विस्तार हुआ है।

अग्निपथ योजना जारी रहेगी

सरकार ने इन उपलब्धियों के आधार पर अग्निपथ योजना को जारी रखने का फैसला किया है। दो साल की अतिरिक्त सेवा का विकल्प शुरू करने के पीछे अग्निवीरों की आकांक्षाओं और रक्षा बलों की संगठनात्मक जरूरतों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना मुख्य उद्देश्य बताया गया है।

सरकार का कहना है कि यह निर्णय विस्तृत मूल्यांकन, विचार-विमर्श और विभिन्न स्तरों से मिले फीडबैक के आधार पर लिया गया है।

नई व्यवस्था से अग्निवीरों को रक्षा बलों में लंबे समय तक सेवा करने और नियमित सैनिक बनने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। हालांकि, नियमित सेवा में चयन अग्निवीरों की इच्छा और निर्धारित पात्रता एवं चयन मानदंडों पर निर्भर करेगा।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media