Skip to Content

स्लोवाकिया के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित हुए प्रधानमंत्री मोदी, भारत-स्लोवाकिया संबंधों को मिली नई ऊंचाई

स्लोवाकिया के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित हुए प्रधानमंत्री मोदी, भारत-स्लोवाकिया संबंधों को मिली नई ऊंचाई

Closed
by June 15, 2026 News

15 June. 2026. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया के सर्वोच्च राजकीय सम्मान “ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)” से सम्मानित किया गया। स्लोवाक गणराज्य के राष्ट्रपति Peter Pellegrini ने एक विशेष समारोह में यह सम्मान प्रदान किया।

सम्मान ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति, स्लोवाक सरकार और वहां की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत के 140 करोड़ नागरिकों और भारत-स्लोवाकिया की गहरी मित्रता को समर्पित है। प्रधानमंत्री ने इसे दोनों देशों के बीच विश्वास, आत्मीयता और सहयोग का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह सम्मान आने वाली पीढ़ियों को भी इस विशेष मित्रता को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।

भारत-स्लोवाकिया संबंध बने ‘कम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप’

प्रधानमंत्री मोदी का ऐतिहासिक ब्रातिस्लावा किले में स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री Robert Fico ने औपचारिक स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ताएं हुईं।

बैठक में दोनों देशों ने अपने संबंधों को ‘कम्प्रिहेंसिव पार्टनरशिप’ के स्तर तक बढ़ाने की घोषणा की, जिसे द्विपक्षीय संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। वार्ता के दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, अंतरिक्ष, असैनिक परमाणु ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल नवाचार, शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा गतिशीलता जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की गई। साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), सुपरकंप्यूटिंग और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।

आतंकवाद के खिलाफ साझा संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी ने अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत के प्रति एकजुटता और समर्थन व्यक्त करने के लिए स्लोवाकिया का आभार जताया। दोनों नेताओं ने आतंकवाद के सभी स्वरूपों के खिलाफ मिलकर लड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया तथा बहुपक्षवाद और वैश्विक शासन संस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पर सहमति व्यक्त की गई।

डिजिटल टेक्नोलॉजी, शिक्षा और रक्षा में समझौते

बैठक के बाद डिजिटल प्रौद्योगिकी, श्रम प्रवासन, उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान तथा ऑडियो-विजुअल सृजन के क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया गया। रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक ‘लेटर ऑफ इंटेंट’ पर भी हस्ताक्षर हुए।

इसके अलावा, भारत ने स्लोवाकिया के Technical University of Kosice में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चेयर स्थापित करने की घोषणा की।

राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से मुलाकात

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की। दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, तकनीक और जन-से-जन संपर्क के क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

दोनों नेताओं ने राष्ट्रपति भवन में स्लोवाक कलाकारों द्वारा वाराणसी विषय पर बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्लोवाक स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत विशेष योग प्रदर्शन भी देखा।

अज्ञात सैनिक स्मारक पर श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रातिस्लावा स्थित Tomb of the Unknown Soldier पर जाकर द्वितीय विश्व युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सैनिकों के बलिदान को नमन किया।

कारोबारी नेताओं से संवाद, निवेश के लिए दिया आमंत्रण

प्रधानमंत्री मोदी ने स्लोवाकिया के प्रमुख उद्योगपतियों और व्यापारिक नेताओं से भी मुलाकात की। बैठक में रेलवे, रक्षा, ऑटोमोबाइल, ऊर्जा, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रधानमंत्री ने भारत में कारोबार सुगमता, पारदर्शी नीतियों और निवेश-अनुकूल माहौल का उल्लेख करते हुए स्लोवाक कंपनियों को बुनियादी ढांचे, रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल नवाचार, सेमीकंडक्टर, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का निमंत्रण दिया।

उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की सराहना करते हुए भारत की आर्थिक प्रगति पर विश्वास जताया और निवेश, तकनीकी साझेदारी तथा संयुक्त उद्यमों के माध्यम से भारत में अपनी उपस्थिति मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की।

भारत और यूरोपीय संघ के बीच हाल ही में संपन्न मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का स्वागत करते हुए उद्योग जगत ने कहा कि इससे दोनों पक्षों के लिए नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खुलेंगे।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media