 
	Nainital News जिले में अवैध खनन रोकने के लिए अब GPS, ऐसा करने वाला देश का पहला जिला होगा
Nainital/Haldwani News जिला खनन समिति की शुक्रवार जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में जिलाधिकारी और अध्यक्ष खनन समिति सविन बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि अवैध खनन को रोकने तथा खनन कार्य में लगे वाहनों की ऑनलाईन मोनीटरिंग के लिए वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जायेगा।
जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य तथा नैनीताल पहला जिला होगा जहांं खनन कार्य में लगे वाहनों में जीपीएस डिवाईस लगायी जायेगी। उन्होंने कहा कि इस डिवाईस के लगने से वाहनों पर कड़ी नज़र रखी जाएगी तथा वाहनों के मूवमेंट के साथ ही उसके द्वारा उप खनिज को लेकर लगाए जा रहे फेरों की भी मॉनीटरिंग होगी। इस व्यवस्था से खनिज की चोरी रूकेगी तथा इस व्यवस्था से प्रदेश को राजस्व का फायदा भी होगा। यह डिवाईस तीन सौ रूपये किराए पर उपलब्ध होगी। खनन सत्र समाप्त होने के बाद वाहन स्वामी डिवाइस हटा भी सकते हैं। यदि वाहन स्वामी अपने वाहन की सुरक्षा एवं उसके भ्रमण पर निगरानी रखना चाहें तो इससे वाहन स्वामियों को भी फायदा होगा। डिवाईस की कीमत ढाई हजार रूपये है। स्थायी रूप से कीमत अदा कर वाहन स्वामी क्रय कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि वाहनों में किराए पर या स्थायी रूप से डिवाईस लगाने के काम वन निगम द्वारा किया जाएगा। डिवाइस के लगने से जिला प्रशासन, वन विभाग जिले की नदियों में खनन कार्य के लिए लगे वाहनों की निगरानी कर सकेंगे। इस कार्य के लिए एक एप भी बनाया जा रहा है। यह एप वाहन स्वामियों को भी उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में डीएफओ नितीश मणि त्रिपाठी, हिमांशु बगरी, अपर जिलाधिकारी एसएस जंगपांगी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव, आरएम वन निगम जीसी पन्त, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह के अलावा उप जिलाधिकारी विवेक राय, हरगिरी गोस्वामी, वीएन शुक्ला, गौरव चटवाल, विनोद कुमार, डीएलएम आदि मौजूद थे।
( उत्तराखंड की नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

 
			 
			 
			 
			 
			 
			 
			