Skip to Content

Uttarakhand देवर ने दुष्कर्म किया, पति ने कान काटा, सास-ससुर ने जलाने की कोशिश की, पुलिस में रिपोर्ट दर्ज

Uttarakhand देवर ने दुष्कर्म किया, पति ने कान काटा, सास-ससुर ने जलाने की कोशिश की, पुलिस में रिपोर्ट दर्ज

Closed
by August 29, 2021 News

हल्द्वानी : यूपी के रामपुर की रहने वाली महिला ने हल्द्वानी के मुखानी थाने में देवर, पति और ससुराल के अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि दहेज की मांग के साथ शुरू हुआ उत्पीड़न दुष्कर्म व जान से मारने की कोशिश तक जा पहुंचा। पति की गैरमौजूदगी में देवर ने उससे दुष्कर्म किया और जब पति को उसने यह घटना बताई तो उसने भाई पर कार्रवाई करने की जगह धारदार हथियार से कान ही काटा डाला। यही नहीं, सास व ससुर ने केरोसीन डालकर उसे जलाने का भी प्रयास किया है। महिला की तहरीर पर मुखानी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ दुष्कर्म व दहेज उत्पीडन का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी करते हुए न्याय की गुहार लगाते हुए उन्हें पत्र भेजा है।

महिला ने तहरीर में कहा है कि उसका मायका बरेली जिले के मीरगंज थानाक्षेत्र में पड़ता है और उसकी शादी रामपुर जिले के थाना शहजाद नगर क्षेत्र में तीन साल पहले हुई थी और अभी वह हल्द्वानी के मुखानी थानाक्षेत्र में रह रही है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद से ही उससे दहेज में कार की मांग कर रहे थे। तीन साल शादी के बीतने पर भी संतान न होने पर वे बांझ होने का ताना देकर घर से निकालने की भी कोशिश कर रहे थे। यही नहीं उसका देवर उस पर बुरी नजर भी रखता था। 11 अगस्त को जब उसका पति घर पर नहीं था तो देवर कमरे में घुस आया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर चाकू के बल पर दुष्कर्म किया। पीडि़ता ने जब सास को आपबीती बताई तो सास ने घर की बदनामी की दुहाई देकर मुंह बंद रखने के लिए दबाव बनाया। इस पर पीड़िता ने फोन करके अपने पिता को मामले की जानकारी दे दी। इससे भड़के सास व ससुर ने पति व देवर को उकसाते हुए केरोसीन डालकर जलाकर मार डालने का प्रयास किया। पति माचिस जलाकर आग लागने जा रहा था कि चीख पुकार सुनकर पड़ोसी आ गए और उन्होंने उसे बचाया।

13 अगस्त को पीडि़ता के पिता हल्द्वानी पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोगों ने पिता के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि ससुर के कहने पर पति ने चाकू से पीड़िता का एक कान काटकर अलग कर दिया और नाक भी काटने को बढ़ा तो स्थानीय लोगों ने जान बचाई। इसके बाद पिता के साथ फटे हुए पहने कपड़ों में घर से धक्का देकर भगा दिया। इसके बाद उसने मीरगंज थाने में भी रिपोर्ट लिखाने का प्रयास किया। घटना मुखानी क्षेत्र का होने के कारण वहां मुकदमा नहीं लिखा गया तो अब जाकर मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मुखानी एसओ सुशील कुमार ने बताया कि आरोपित देवर के खिलाफ दुष्कर्म के लिए धारा 376 तथा पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीडऩ का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। पीड़िता ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

( उत्तराखंड की नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media