Skip to Content

सीएम धामी ने काशीपुर में विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया, कहा यूनिफॉर्म सिविल कोड का ड्राफ्ट 30 जून तक तैयार हो जाएगा

सीएम धामी ने काशीपुर में विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया, कहा यूनिफॉर्म सिविल कोड का ड्राफ्ट 30 जून तक तैयार हो जाएगा

Closed
by May 15, 2023 News

15 May. 2023. Kashipur. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर पहुॅचकर 287.36 करोड़ की 102 योजनाओं का शिलान्यास तथा 67.91 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण तथा भाजपा जिला कार्यालय काशीपुर का भूमि पूजन व शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि हमारे लिए बड़ी खुशी का दिन है, क्योंकि आज जहां एक ओर मां बाल सुंदरी देवी के आशीर्वाद और आप सभी की सेवा, समर्पण और पार्टी के प्रति सच्ची निष्ठा के बल पर कार्यालय का भूमि पूजन संपन्न हुआ, वहीं जल निगम, जल संस्थान एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 287.36 करोड़ से अधिक की 102 योजनाओं का शिलान्यास तथा जल निगम, जल संस्थान ग्रामीण निर्माण विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की लगभग 67.91 करोड़ से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्र में विकास के एक नए युग का सूत्रपात होगा।

उन्होंने कहा कि हमारे प्रेरणापुंज व एकात्म मानववाद के विचार से सम्पूर्ण विश्व को आलोकित करने वाले महान विचारक स्व.दीनदयाल उपाध्याय जी तथा अपनी आदर्श छवि एवं विशिष्ट बौद्धिकता से सम्पूर्ण विश्व में भारत के गौरव को बढ़ाने वाले भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को भी नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि अपनी योग्यता व क्षमता के बल पर पोस्टर चिपकाने वाला व्यक्ति भी शीर्ष पद तक पहुंच सकता है और मुझ जैसा सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति प्रदेश का मुख्य सेवक बन सकता है। क्योंकि हम राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय तथा व्यक्ति अंतिम के सिद्धांत का अनुसरण करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री के आह्वान पर जिस ’’नव भारत’’ के निर्माण के यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है उसमें हम सभी ने अपने श्रम की आहुति देनी है तथा ’’एक भारत’’ और ’’श्रेष्ठ भारत’’ के महासंकल्प को साकार करना है। हमारा देश आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रवेश कर चुका है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल व ऊर्जावान नेतृत्व में देश में अमृत युग प्रारंभ हो चुका है। प्रधानमंत्री के दिशा निर्देशन में एक ओर जहां भारत राष्ट्रीय स्तर पर विकास की नई-नई ऊंचाईयों को छू रहा है, वहीं वैश्विक स्तर पर एक सशक्त, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर देश के रूप में एक नई पहचान प्राप्त कर रहा है। आज प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में एक नए भारत की नींव रखी जा रही है। ऐसी नींव जिसमें नया भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। ऐसी नींव जिसमें हर वर्ग का विकास सुनिश्चित हो रहा है। ऐसी नींव जिससे भारत पुनः विश्व गुरू बनेगा। ऐसी नींव जिसमें राम मंदिर सहित अन्य पौराणिक मंदिरों का जीर्णाेद्वार हो रहा है। ऐसी नींव जिसमें हमारी सेना सशक्त और शक्तिशाली बन रही है। ऐसी नींव जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हो रहा है। ऐसी नींव जिसमें अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा हैं। ऐसी नींव जिसमें प्राचीन शिक्षा पद्धति और आधुनिक शिक्षा पद्धति के समिश्रण से बनी नई शिक्षा नीति का अनुसरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के गौरवमय मार्ग को प्रशस्त करने के लिए जिस ’’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’’ का मंत्र दिया है उसने देश की राजनीति की दिशा और दशा को बदलने का कार्य किया है। आज लोग जाति, क्षेत्र, पंथ, मजहब से ऊपर उठकर केवल विकास के लिए मताधिकार का प्रयोग करते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ की गई गरीब कल्याण योजनाओं ने अंतिम पायदान पर खड़े हुए प्रत्येक व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पहले केवल योजनाएं बनाई जाती थी, परन्तु अब योजनाएं भी बनाई जाती हैं और उनको लागू भी किया जाता है। इसी तरह देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को विश्व स्तरीय बनाने के लिए जहां बड़ी-बड़ी योजनाओं का प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास किया जाता है, वहीं उनका उद्घाटन भी किया जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में देश जहां विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, वहीं वैश्विक कूटनीति के मंच पर भी विश्व में भारत अग्रणी देशों में गिना जाता है, रूस और यूक्रेन युद्ध के समय हमारे द्वारा उठाए गए कदमों से यह बात परिलक्षित होती है। अंत्योदय के साथ-साथ ’’सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’’ का मंत्र आज देश की मूल प्रेरणा बन चुका है। प्रधानमंत्री के दिशा निर्देशन में जिस प्रकार आज हम सदियों से तिरस्कृत किये गये अपने तीर्थ क्षेत्रों को विकसित और आधुनिक बना रहे हैं, वह ’’ न भूतो न भविष्यति’’ है।

उन्होंने कहा कि यह स्वर्णिम कालखंड भारत की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक चेतना के पुनरोत्थान का कालखंड है और आज का नया भारत पुनः विश्वगुरु के स्थान पर आरूढ़ होने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। आज केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से हमारा प्रदेश भी सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने की दौड़ में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। हमने उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का जो ’’विकल्प रहित संकल्प’’ लिया है, उसके लिए हम निरंतर कार्यरत हैं।

उन्होंने कहा कि हाल ही में भ्रष्टाचार और भर्ती घोटालों पर किए गए प्रहार से लेकर समान नागरिक आचार संहिता, धर्मांतरण कानून, महिला आरक्षण, भू-कानून, देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाने, लैंड जिहाद और गरीबों को तीन निःशुल्के सिलेंडर देने जैसे कठिन मुद्दों पर हमारे द्वारा उठाए गए ’’ऐतिहासिक कदम’’ इस बात का प्रमाण हैं कि आज हमारी सरकार प्रदेश हित में ऐसे मुद्दों पर भी निर्णय लेने का कार्य कर रही है, जिन मुद्दों को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।

उन्होंने कहा कि 22 वर्ष का युवा उत्तराखंड, अब नए जोश और नई उमंग के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमें आज यह संकल्प लेना है कि हम बाबा केदार की धरती से प्रधानमंत्री द्वारा कहे गए कथन ’’21वीं सदी का तीसरा दशक, उत्तराखंड का दशक होगा’’ को चरितार्थ करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वास दिलाता हूं कि एक नई कार्य संस्कृति और सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के मंत्र को लेकर हमारी सरकार प्रदेश में पूर्ण सुशासन स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

उन्होंने कहा कि पहले जब पोलियो आया था, उस पोलियो की वैक्सीन बनाने के लिए कई दशक बीत गए थे, परन्तु जब विश्व में कोरोना आया और डब्ल्यूएचओ कह रहा था कि भारत पूरी दुनिया के लिए मजबूरी बन जाएगा, तब देश में कोरोना से लड़ने के लिए वैज्ञानिकों ने एक साल के भीतर दो-दो वैक्सीन तैयार करने का काम किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंच पर पूरी दुनिया भारत के रूख का इन्तजार करती है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र में दो विधान, संविधान, दो निशान, दो प्रधान को खत्म करने के लिए जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाई गई। उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड का ड्राफ्ट 30 जून तक तैयार हो जाएगा, जोकि पूरे राष्ट्र के लिए मॉडल बनने वाला है। उन्होने सभी राज्यों से यूनिफॉर्म सिविल कोड को लागू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठोर भूकानून बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लैण्ड जिहाद एवं अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। हिन्दुस्तान का पहला राज्य है जिसने एक वर्ष के अन्दर तीन गैस सिलैण्डर निःशुल्क देने का काम किया। आज एक लाख 81 हजार परिवारों को साल में तीन गैस सिलैण्ड मुफ्त देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में 15 लाख के सापेक्ष 11 लाख 30 हजार घरों को पेयजल उपलब्ध करा दिया गया है। इसके साथ ही कराये जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज के लोकार्पण और शिलान्यास से निश्चित ही विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा आने वाले समय में लोगों की आवश्यकताओ की पूर्ति होगी। पेयजल की योजनाओ के शिलान्यास और लोकार्पण से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओ को बल मिलेगा और आमजन के घरों तक आसानी से पेयजल मिल पायेगा। प्रदेश में ऐसे बहुत सारे स्थान हैं जहां के लिए योजनाएं बनी हैं वह संचालित की जायेंगीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार का सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास नामक मंत्र को लक्ष्य मानकर काम करते हुए प्रदेश की जनता को अच्छी सरकार देना हमारा प्रयास है जिससे लोगों की बात सरकार तक पहुंचे और सभी की समस्या का समाधान हो। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश को जीरो टॉलरेन्स पर काम करते हुए प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करना है। प्रदेश के हित में जो भी फैसले हमे लेने हैं वो ले रहे हैं। उत्तराखंड राज्य को जिन फैसलों की आवश्यकता है वह लिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि काशीपुर औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित हो रहा है, यहां पर समुचित विकास की जो भी आवश्यकताएं हैं उनकी हम समीक्षा कर रहे हैं। उद्योगपतियों के साथ बीते दिनों हुई बैठक में उनकी समस्याओं पर मंथन भी किया है, संवाद भी किया है और उनके सुझाव लेकर कुछ त्वरित निर्णय लिए हैं और दीर्घकालिक निर्णयो को जल्द लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले माह प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर खुशी जताते हुए कहा कि जब भी पीएम उत्तराखंड आते हैं हर्ष और खुशी का माहौल होता है। उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद जो काम उत्तराखंड में अब तक नहीं हुए और जो असंभव थे वह हो रहे हैं। उदाहरण के तौर पर प्रदेश का दूसरे एम्स के तौर पर ऊधम सिंह नगर जिले में, प्रदेश की सड़कों की हालत के सुदृढीकरण, केदारनाथ सहित अन्य धामों के पुनर्निर्माण के कार्य, मानसखण्ड कॉरिडोर के कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा 9 वर्षों में डेढ़ लाख करोड़ से भी ज्यादा की योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उनका यहां से कर्म और मर्म का रिश्ता है। हम आशा करते हैं कि वह जल्द से जल्द उत्तराखंड आएंगे। काशीपुर जिले के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिलों के नए सर्जन के लिए हमने एक कमेटी बनाई है और कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद जिले बनाये जाएंगे। विधायकों के साथ मिलकर उनके क्षेत्रों के विकास का पहिया तेजी से चलाया जाएगा। काशीपुर के बाईपास और फ़्लाईओवर के जल्द निर्माण की बात भी उन्होंने कही। दायित्वों के वितरण पर उन्होंने कहा कि किसी को भी निराश होने की जरूरत नहीं है। यहां सभी कार्यकर्ताओं के काम होते हैं। सभी कार्यकर्ता धैर्यवान हैं। जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। भाजपा देश दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, जोकि कार्यकर्ता के दम पर है। कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से हमें सेवा का अवसर मिला है लिहाजा उनके पसीने के अनुरूप वह सभी निर्णय लेंगे जो उनकी अपेक्षाएं हैं।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ताजा समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

( उत्तराखंड की नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media