Skip to Content

उत्तराखंड में पांचों सीटों पर बीजेपी का परचम, पढ़िए पूरी खबर

उत्तराखंड में पांचों सीटों पर बीजेपी का परचम, पढ़िए पूरी खबर

Closed
by June 4, 2024 News

4 June. 2024. Dehradun. लोकसभा चुनाव में उत्तराखण्ड में भाजपा की बादशाहत एक बार फिर बरकरार रही है। दोपहर तक आये रूझानों में पांचों सीटों पर भाजपा ने बढ़त बना ली थी। प्रदेश भर में आज कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल मतों की गिनती की गयी। टिहरी सीट को छोड़कर सभी सीटों पर भाजपा ने शुरूआत से ही बढ़त बना ली थी। जैसे जैसे दिन चढ़ता गया वैसे वैसे भाजपा की बढ़त का आंकड़ा भी बढ़ता गया। बता दें इस बार प्रदेश की पांचों सीटों पर 55 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे थे। 19 अप्रैल को प्रदेश हुए मतदान में प्रदेश की जनता ने 57.22 प्रतिशत मतदान किया था। 47 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया था। सभी सीटों पर कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला था। पांच सीटों पर भाजपा ने हरिद्वार सीट से त्रिवेंद्र सिंह रावत, टिहरी सीट से माला राजलक्ष्मी शाह, पौड़ी से अनिल बलूनी, अल्मोड़ा से अजय टम्टा और नैनीताल सीट से अजय भट्ट को चुनाव मैदान में उतारा था। जबकि कांग्रेस ने हरिद्वार से हरीश रावत के पुत्र विरेन्द्र रावत, टिहरी से जोत सिंह गुनसोला, पौड़ी से गणेश गोदियाल और नैनीताल सीट से प्रकाश जोशी को चुनाव मैदान में उतारा था। चुनाव में प्रत्याशियों के साथ साथ भाजपा कांग्रेस के दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी थी। भाजपा खेमे की बात करें तो मुख्यमंत्री बनने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी का यह पहला लोकसभा चुनाव था जिसके चलते सीएम धामी के सामने प्रदेश में फिर से प्रदर्शन दोहराने की चुनौती थी, जिसके लिए उन्होंने पूरी ताकत झोंक दी थी। तमाम कयासों दावों के बीच आज ईवीएम में वोटों की गिनती के साथ ही परिणाम सामने आने शुरू हो गये।

भाजपा ने टिहरी सीट को छोड़कर अन्य सभी सीटों पर सुबह से ही बढ़त बना ली थी। टिहरी सीट पर शुरूआत में निर्दलीय प्रत्याशी बॉबी पवार आगे चल रहे थे लेकिन कुछ देर बाद ही भाजपा ने बढ़त बनाली जो आखिर तक जारी रही। दोपहर 3 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार नैनीताल उधम सिंह नगर लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट 756747 वोटों के साथ सबसे आगे थे। जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी प्रकाश जोशी को 430668 वोट मिले थे। हरिद्वार सीट पर भाजपा प्रत्याशी 619112 वोट लेकर सबसे आगे थे जबकि कांग्रेस प्रत्याशी विरेन्द्र रावत को 478247 वोट मिले थे। अल्मोड़ा सीट पर भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा 414273 वोटों के साथ सबसे आगे थे जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा 189544 वोट के साथ दूसरे नंबर पर थे। पौड़ी गढ़वाल सीट पर भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी 412677 वोटों के साथ पहले नंबर पर थे जबकि कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल 260735 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर थे। टिहरी गढ़वाल सीट पर माला राज्य लक्ष्मी शाह 440213 वोटों के साथ पहले स्थान पर थी जबकि कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह गुनसोला 181031 वोटा लेकर दूसरे नम्बर पर जबकि निर्दलीय बॉबी पवार 155611 वोट लेकर तीसरे स्थान पर थे। समाचार लिखे जाने तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं हुए थे। रूझानों में नैनीताल उधम सिंह नगर के प्रत्याशी अजय भट्ट सर्वाधिक मतों से विजयी होते नजर आ रहे थे।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media