Skip to Content

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी का अमेरिका से संदेश, कहा योग के विस्तार का अर्थ है ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना का विस्तार

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी का अमेरिका से संदेश, कहा योग के विस्तार का अर्थ है ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना का विस्तार

Closed
by June 21, 2023 News

21 June. 2023. New Delhi. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर न्यूयॉर्क से एक वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों को संबोधित किया, अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के आह्वान पर दुनिया के 180 से ज्यादा देशों का एक साथ आना ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है। आप सबको याद होगा 2014 में जब यूएन जनरल एसम्ब्ली में योग दिवस का प्रस्ताव आया तो रिकॉर्ड देशों ने इसे समर्थन दिया था। तब से लेकर आज तक अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के जरिए योग एक वैश्विक आंदोलन बन गया है, ग्लोबल स्पिरिट बन गया है। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका दौरे पर हैं और वह वहां योग दिवस पर संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में एक योग कार्यक्रम का नेतृत्व करने वाले हैं।

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने बताया कि इस साल योग दिवस के कार्यक्रमों को ‘Ocean Ring of Yoga’ ने और विशेष बना दिया है। ‘Ocean Ring of Yoga’ का ये आइडिया योग के विचार और समुद्र के विस्तार के पारस्परिक संबंध पर आधारित है। सेना के जवानों ने भी हमारे जलस्रोतों के साथ एक ‘योग भारतमाला और योग सागरमाला’ बनाई है। इसी तरह आर्कटिक से लेकर अंटार्कटिका तक भारत के दो रिसर्च बेस यानि पृथ्वी के दो ध्रुव भी योग से जुड़ रहे हैं। योग के इस अनूठे सेलिब्रेशन में देश-दुनिया के करोड़ों लोगों का इतने सहज स्वरूप में शामिल होना योग के प्रसार और प्रसिद्धि को, उसके महात्म्य को उजागर करता है।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे ऋषियों ने योग को परिभाषित करते हुये कहा है- ‘युज्यते एतद् इति योगः’। अर्थात जो जोड़ता है, योग है। इसलिए योग का ये प्रसार उस विचार का विस्तार है जो पूरे संसार को एक परिवार के रूप में समाहित करता है। योग के विस्तार का अर्थ है- ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना का विस्तार!इसलिए इस वर्ष भारत की अध्यक्षता में हो रहे G-20 समिट की थीम भी ‘One Earth, One Family, One Future’ रखी गई है और आज पूरी दुनिया में करोड़ों लोग ‘Yoga for Vasudhaiva Kutumbakam’ की थीम पर एक साथ योग कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे योग के संबंध में ग्रन्थों में कहा गया है- व्यायामात् लभते स्वास्थ्यम्, दीर्घ आयुष्यम् बलम् सुखम्! अर्थात योग से, व्यायाम से, हमें स्वास्थ्य, आयुष और बल मिलता है। हममें से कितने ही लोग जो बीते वर्षों में योग से नियमित जुड़े हैं उन्होंने योग की ऊर्जा को महसूस किया है। व्यक्तिगत स्तर पर हमारे लिए बेहतर स्वास्थ्य कितना महत्वपूर्ण होता है ये हम सब जानते हैं। हमने ये भी देखा है कि जब हम स्वास्थ्य संकटों से सुरक्षित होते हैं तो हमारा परिवार कितनी ही परेशानियों से बच जाता है। योग एक ऐसे स्वस्थ और सामर्थ्यशाली समाज का निर्माण करता है जिसकी सामूहिक ऊर्जा कई गुना ज्यादा होती है। बीते वर्षों में स्वच्छ भारत जैसे संकल्पों से लेकर स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों तक, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण से लेकर सांस्कृतिक भारत के पुनर्निर्माण तक, देश और देश के युवाओं में जो असाधारण गति दिखी है, उसमें इस ऊर्जा का बहुत बड़ा योगदान है। आज देश का मन बदला है, इसीलिए जन और जीवन बदला है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की संस्कृति हो या समाज संरचना हो, भारत का आध्यात्म हो या आदर्श हों, भारत का दर्शन हो या दृष्टि हो, हमने हमेशा जोड़ने, अपनाने और अंगीकार करने वाली परम्पराओं को पोषित किया है। हमने नए विचारों का स्वागत किया है, उन्हें संरक्षण दिया है। हमने विविधताओं को समृद्ध किया है, उन्हें सेलिब्रेट किया है। ऐसी हर भावना को योग प्रबल से प्रबलतम करता है। योग हमारी अन्तः दृष्टि को विस्तार देता है। योग हमें उस चेतना से जोड़ता है, जो हमें जीव मात्र की एकता का अहसास कराती है, जो हमें प्राणी मात्र से प्रेम का आधार देती है। इसलिए हमें योग के जरिए हमारे अंतर्विरोधों को खत्म करना है। हमें योग के जरिए हमारे गतिरोधों और प्रतिरोधों को खत्म करना है। हमें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को विश्व के सामने एक उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करना है।

पीएम मोदी ने अपने संदेश में आगे कहा कि योग के लिए कहा गया है- ‘योगः कर्मसु कौशलम्’। यानी कर्म में कुशलता ही योग है। आज़ादी के अमृतकाल में ये मंत्र हम सभी के लिए बहुत अहम है।जब हम अपने कर्तव्यों के लिए समर्पित हो जाते हैं तो हम योग की सिद्धि तक पहुँच जाते हैं। योग के जरिए हम निष्काम कर्म को जानते हैं, हम कर्म से कर्मयोग तक की यात्रा तय करते हैं। मुझे विश्वास है योग से हम अपने स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाएँगे, और इन संकल्पों को भी आत्मसात करेंगे। हमारा शारीरिक सामर्थ्य, हमारा मानसिक विस्तार, हमारी चेतना शक्ति, हमारी सामूहिक ऊर्जा विकसित भारत का आधार बनेंगे।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित ताजा समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए हमें सोशल मीडिया पर फोलो करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media