Skip to Content

पीएम मोदी बोले, तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा, कांग्रेस पर किया करारा हमला, कहा विपक्ष की मौजूदा हालत के लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार

पीएम मोदी बोले, तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा, कांग्रेस पर किया करारा हमला, कहा विपक्ष की मौजूदा हालत के लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार

Closed
by February 5, 2024 News

5 Feb. 2024. New delhi. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष ने जो संकल्प लिया है, उसकी सराहना करता हूं, उनके भाषण की एक-एक बात से मेरा और देश का विश्वास पक्का हो गया है कि इन्होंने लंबे अरसे तक वहां (विपक्ष में) रहने का संकल्प ले लिया है। जनता-जनार्दन तो ईश्वर का रूप होती है और आप लोग (विपक्ष) जिस तरह से इन दिनों मेहनत कर रहे हैं, मैं पक्का मानता हूं कि ईश्वर रूपी जनता-जनार्दन आपको पक्का आशीर्वाद देगी और आप अगले चुनाव में दर्शक दीर्घा में जरूर दिखेंगे। कब तक टुकड़ों में सोचते रहोगे, कब तक समाज को बांटते रहोगे, बहुत तोड़ा देश को, अच्छा होता कि जाते-जाते तो कम से कम इस चर्चा के दरम्यान कुछ सकारात्मक बातें होती, कुछ सकारात्मक सुझाव आते। लेकिन हर बार की तरह आपने देश को काफी निराश किया।विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता बदल गए हैं लेकिन वे एक ही बात दोहराते रहते हैं, यह चुनाव का समय है और आपको थोड़ी अधिक मेहनत करनी चाहिए थी, कुछ नया लाना चाहिए था और लोगों को एक संदेश देना चाहिए था। हालाँकि आप बुरी तरह असफल रहे। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष की मौजूदा हालत के लिए कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार है, कांग्रेस को एक अच्छा विपक्ष बनने का मौका मिला, हालांकि वे पिछले दस वर्षों में अपनी ज़िम्मेदारी निभाने में विफल रहे। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ही उत्पाद को दोबारा लॉन्च करने के चक्कर में कांग्रेस पार्टी की दुकान बंद होने की कगार पर है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि शासन के 10 वर्षों के अनुभव के आधार पर, आज की मजबूत अर्थव्यवस्था और आज भारत जिस तीव्र गति से प्रगति कर रहा है, उसे देखते हुए मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा। ये मोदी की गारंटी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश में जिस रफ्तार के साथ काम हो रहा है, कांग्रेस सरकार इस रफ्तार की कल्पना भी नहीं कर सकती। हमने गरीबों के लिए 4 करोड़ घर बनाए इसमें से 80 लाख पक्के मकान शहरी गरीबों के लिए बने। अगर कांग्रेस की रफ्तार से काम हुआ होता तो इतना काम होने में 100 साल लगते, 100 पीढ़ियां बीत जातीं। 10 वर्ष में 40 हजार किलोमीटर रेलवे ट्रैक का विद्युतीकरण हुआ है। अगर कांग्रेस की रफ्तार से देश चलता तो इस काम को करने में 80 साल लग जाते। हमने 17 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन दिए हैं, अगर कांग्रेस की रफ्तार से चलते तो इस काम को करने में और 60 साल लग जाते हैं। तीन पीढ़ियां धुएं में खाना बनाने-बनाते गुजर जाती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस की जो मानसिकता है, जिसका देश को बहुत नुकसान हुआ है। कांग्रेस ने देश के सामर्थ्य पर कभी विश्वास नहीं किया, वो अपने आप को शासक मानते रहे और जनता-जनार्दन को कमतर आंकते गए। नेहरू जी ने लाल किले से कहा था- हिंदुस्तान में काफी मेहनत करने की आदत आमतौर से नहीं है। हम इतना काम नहीं करते हैं, जितना यूरोप, जापान, चीन, रुस और अमेरिका वाले करते हैं। नेहरू जी की भारतीयों के प्रति सोच थी कि भारतीय आलसी हैं। इंदिरा जी की सोच भी नेहरू जी से ज्यादा अलग नहीं थी। उन्होंने लाल किले से कहा था, दुर्भाग्यवश हमारी आदत ये है कि जब कोई शुभ काम पूरा होने को होता है तो हम आत्मसंतुष्टि की भावना से ग्रस्त हो जाते हैं और जब कोई कठिनाई आ जाती है तो हम नाउम्मीद हो जाते हैं। कांग्रेस का विश्वास हमेशा एक परिवार पर रहा है। एक परिवार के आगे न कुछ सोच सकते हैं और न ही कुछ देख सकते हैं। हमने अपने पहले कार्यकाल में यूपीए के समय के जो गड्ढे थे, उस गड्ढे को भरने में काफी समय और शक्ति लगाई। हमने अपने दूसरे कार्यकाल में नए भारत की नींव रखी और तीसरे कार्यकाल में हम विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे। हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल के दिन दूर नहीं हैं। केवल 100-125 दिन बचे हैं, अबकी बार, 400 पार, इस बार हम 400 सीटों का आंकड़ा पार करने जा रहे हैं, आने वाले चुनाव में भाजपा को निश्चित तौर पर 370 सीटें मिलेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा तीसरा कार्यकाल बहुत बड़े फैसलों का होगा, मैंने लाल किले से कहा था और राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय भी दोहराया था कि देश को अगले हजार वर्षों तक समृद्ध और सिद्धि के शिखर पर देखना चाहता हूं। तीसरा कार्यकाल अगले 100 वर्षों के लिए एक मजबूत नींव रखने का कार्यकाल होगा। पिछले 10 वर्षों में देश की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां देश की बेटियों के लिए दरवाजे बंद हों। आज हमारी बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं और हमारी सीमाओं की सुरक्षा भी कर रही हैं। आज हमारी नारी शक्ति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ताकत दे रही है। आज वुमेन सेल्फ हेल्प ग्रुप से 10 करोड़ बहनें जुड़ी हैं। आज देश में करीब-करीब 1 करोड़ लखपति दीदी बनी हैं। हमारा लक्ष्य 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है।

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले डिजिटल अर्थव्यवस्था का आकार नगण्य था। आज भारत दुनिया की अग्रणी डिजिटल अर्थव्यवस्था है और लाखों युवा इससे जुड़े हुए हैं। आने वाले समय में डिजिटल इंडिया आंदोलन बहुत सारे अवसर प्रदान करेगा, आज मेड-इन-इंडिया फोन दुनिया भर में निर्यात किए जा रहे हैं। 2014 से 10 साल पहले इंफ्रास्ट्रक्चर का बजट करीब-करीब 12 लाख करोड़ रुपए ही था। पिछले 10 साल में इंफ्रास्ट्रक्चर पर 44 लाख करोड़ रुपये का बजट था, आप कल्पना कर सकते हैं कि इससे देश में कितनी नौकरियाँ पैदा हुई होंगी। आज युवाओं के लिए जितने नए अवसर बने हैं, ये पहले कभी नहीं बने। आज चारों तरफ स्टार्टअप्स की गूंज है, यूनिकॉर्न्स चर्चा में है। 2014 के पहले डिजिटल इकोनॉमी की साइज ना के बराबर थी। आज भारत दुनिया की अग्रणी डिजिटल इकोनॉमी है। लाखों युवा इससे जुड़े हैं।यूपीए शासन के दौरान मुद्रास्फीति दोहरे अंक में थी, जब-जब कांग्रेस सत्ता में आई, उन्होंने देश में महंगाई को बढ़ावा दिया। हमने दो युद्धों और सदी में एक बार आने वाली महामारी के बावजूद लगातार मुद्रास्फीति पर काबू पाया है। पहले सदन का पूरा समय घोटालों की चर्चा में जाता था, भ्रष्टाचार की चर्चा में जाता था। लगातार एक्शन की मांग होती थी, चारों तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार की ही खबरें होती थीं। आज जब भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होती है तो ये लोग उनके समर्थन में हंगामा करते हैं। उनके (यूपीए) कार्यकाल के दौरान, जांच एजेंसियों का इस्तेमाल केवल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए किया गया था। पीएमएलए के तहत हमने पहले की तुलना में दोगुने मामले दर्ज किये, कांग्रेस के कार्यकाल में ईडी ने सिर्फ 5000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी, हालांकि हमारे कार्यकाल में ईडी ने 1 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। अब बिचौलियों के लिए गरीबों को लूटना बहुत मुश्किल हो गया है। डीबीटी, जनधन अकाउंट, आधार, मोबाइल, उसकी ताकत हमने पहचानी है। 30 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम हमने लोगों के खाते में सीधा पहुंचायी है। पहले कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम 100 रुपए भेजते हैं तो 15 पैसे ही गरीबों तक पहुंचते हैं। अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिसे जितना जुल्म मुझ पर करना है कर ले, मेरी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई चलती रहेगी। जिसने देश को लूटा है उनको लौटाना पड़ेगा।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media