पीएम मोदी बने फिलिस्तीन और इज़राइल दोनों के सर्वोच्च सम्मान पाने वाले विश्व नेता, नेसेट को संबोधित किया
25 February. 2026. आज इज़राइल की संसद ने भारत के प्रधानमंत्री को उनके संबोधन के दौरान “स्पीकर ऑफ द कनेसट मेडल” से सम्मानित किया। भारतीय प्रधानमंत्री यह मेडल पाने वाले पहले व्यक्ति होंगे। यह नेसट (इज़रायली संसद) का सर्वोच्च सम्मान है। यह मेडल प्रधानमंत्री द्वारा भारत और इज़राइल के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में उनके व्यक्तिगत नेतृत्व के माध्यम से किए गए असाधारण योगदान की मान्यता में प्रदान किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी उन चुनिंदा विश्व नेताओं में से हैं जिन्हें इज़राइल और फ़िलिस्तीन दोनों देशों से सर्वोच्च पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ़िलिस्तीन का ग्रैंड कॉलर प्रदान किया गया, जो विदेशी नेताओं के लिए सर्वोच्च फ़िलिस्तीनी सम्मान है।
वहीं नेसेट को अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि “मैं भारत की जनता की ओर से उन सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ जिन्होंने 7 अक्टूबर को हमास द्वारा किए गए बर्बर आतंकवादी हमले में अपनी जान गंवाई और उन सभी परिवारों के प्रति भी, जिनका जीवन तबाह हो गया। हम आपके दर्द को समझते हैं। हम आपके शोक में आपके साथ हैं। भारत इस समय और भविष्य में भी, पूरी दृढ़ता और विश्वास के साथ इज़राइल के साथ खड़ा है। नागरिकों की हत्या को कोई भी कारण उचित नहीं ठहरा सकता। आतंकवाद को कोई भी चीज़ जायज़ नहीं ठहरा सकती। भारत ने भी लंबे समय से आतंकवाद का दर्द सहा है। हमें 26/11 मुंबई हमले और उनमें मारे गए निर्दोष लोगों की याद है, जिनमें इज़राइली नागरिक भी शामिल थे। आपकी तरह, हमारी भी आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता की एक दृढ़ और अटूट नीति है, जिसमें कोई दोहरा मापदंड नहीं है। आतंकवाद का उद्देश्य समाजों को अस्थिर करना, विकास को रोकना और विश्वास को नष्ट करना है। आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए निरंतर और समन्वित वैश्विक कार्रवाई की आवश्यकता है, क्योंकि कहीं भी आतंक हर जगह शांति के लिए खतरा है। इसीलिए, भारत स्थायी शांति और क्षेत्रीय स्थिरता में योगदान देने वाले सभी प्रयासों का समर्थन करता है। कुछ साल पहले, जब आपने अब्राहम समझौते संपन्न किए थे, तब हमने आपके साहस और दूरदर्शिता की सराहना की थी। यह एक लंबे समय से अशांत क्षेत्र के लिए नई उम्मीद का क्षण था। तब से स्थिति में काफी बदलाव आया है। आगे का रास्ता और भी चुनौतीपूर्ण है। फिर भी, इस उम्मीद को बनाए रखना महत्वपूर्ण है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा समर्थित गाजा शांति पहल एक मार्ग प्रस्तुत करती है। भारत ने इस पहल के लिए अपना दृढ़ समर्थन व्यक्त किया है। हमारा मानना है कि इसमें फिलिस्तीन मुद्दे के समाधान सहित, क्षेत्र के सभी लोगों के लिए एक न्यायपूर्ण और स्थायी शांति का वादा निहित है”!
अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News
(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)
