Skip to Content

देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा, अलकनंदा नदी में गिरी इनोवा, 3 की मौत, 4 लापता

देवप्रयाग में दर्दनाक हादसा, अलकनंदा नदी में गिरी इनोवा, 3 की मौत, 4 लापता

Closed
by June 2, 2026 News

2 June 2026. Tehri. टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। साकनीधार के पास हरिद्वार की ओर जा रही एक इनोवा टैक्सी अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में जा समाई। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4 यात्रियों के लापता होने की खबर है। बचाव कर्मियों ने एक बालक को बचाकर अस्पताल भेजा है!

बताया जा रहा है कि वाहन में राजस्थान से चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

नदी के तेज बहाव के बीच लापता लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ ही उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा मार्ग पर देवप्रयाग के समीप हुई दुखद वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में दिवंगत हुए श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (NDRF) तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया गया। दुर्घटनास्थल पर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए सघन खोज एवं बचाव अभियान जारी है। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा प्रशासन से पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है तथा राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media