Skip to Content

VivaTech 2026 में छाया भारत: प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने तकनीक व नवाचार के नए युग का दिया संदेश

VivaTech 2026 में छाया भारत: प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने तकनीक व नवाचार के नए युग का दिया संदेश

Closed
by June 18, 2026 News

18 June 2026. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने शुक्रवार को पेरिस में आयोजित यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप आयोजन VivaTech 2026 में संयुक्त रूप से भाग लिया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारतीय और फ्रांसीसी तकनीकी पारिस्थितिकी तंत्र के बीच बढ़ते सहयोग को नई दिशा देने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में तकनीकी उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों, निवेशकों और उद्योग जगत के नेताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने मानव-केंद्रित कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और उभरती प्रौद्योगिकियों को लेकर भारत की सोच को साझा किया। उन्होंने कहा कि तकनीक ने भारत में व्यापक परिवर्तन लाया है, चाहे वह डिजिटल भुगतान व्यवस्था हो, AI आधारित कृषि विकास हो या फिर अंतरिक्ष क्षेत्र में अत्याधुनिक अनुप्रयोग।

प्रधानमंत्री ने भारत और फ्रांस के बीच उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग का भी उल्लेख किया। अपने संबोधन के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने विभिन्न भारतीय स्टार्टअप्स और नवाचार कंपनियों के प्रदर्शनों का अवलोकन किया। इन स्टार्टअप्स ने उद्योग, स्वास्थ्य, सतत विकास और मोबिलिटी से जुड़े अत्याधुनिक तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।

VivaTech 2026 में भारत की अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी

इस वर्ष VivaTech 2026 में भारत को AI कंट्री पार्टनर का दर्जा मिला है। साथ ही, यह आयोजन में भारत की अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी भी है। कार्यक्रम में भारत ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ-टेक, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, मोबिलिटी और एडवांस्ड कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में अपनी नवाचार क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए विशेष पवेलियन स्थापित किए हैं।

इस आयोजन में भारत की 80 से अधिक डीप-टेक कंपनियां और स्टार्टअप्स हिस्सा ले रहे हैं, जो वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के सामने भारतीय नवाचार की ताकत को प्रदर्शित कर रहे हैं।

भारत-फ्रांस तकनीकी साझेदारी को मिलेगा नया बल

प्रधानमंत्री मोदी की VivaTech में भागीदारी को भारत और फ्रांस के तकनीकी तथा नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

भारत का VivaTech के साथ जुड़ाव लगातार बढ़ता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2021 में VivaTech को संबोधित किया था, जबकि 2022 में भारत इस आयोजन का पहला ‘कंट्री ऑफ द ईयर’ बना था। हाल ही में VivaTech और बेंगलुरु टेक समिट के बीच भी औपचारिक सहयोग स्थापित किया गया है।

गौरतलब है कि भारत और फ्रांस वर्ष 2026 को ‘भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष’ (India–France Year of Innovation) के रूप में मना रहे हैं। ऐसे में VivaTech 2026 में भारत की मजबूत उपस्थिति दोनों देशों के बीच तकनीक, नवाचार और स्टार्टअप सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली मानी जा रही है।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media