भारत इनोवेट्स 2026 का नीस, फ्रांस में भव्य शुभारंभ, पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने किया उद्घाटन
14 June 2026. प्रधानमंत्री Narendra Modi और फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron ने रविवार को फ्रांस के नीस स्थित Palais des Expositions में ‘भारत इनोवेट्स 2026’ (Bharat Innovates 2026) का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। तीन दिवसीय इस वैश्विक आयोजन में भारत के डीप-टेक स्टार्टअप्स, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, नवाचार विशेषज्ञ और निवेशक दुनिया भर के प्रमुख इनोवेशन फंड्स एवं वेंचर कैपिटलिस्ट्स के साथ एक मंच पर जुटे हैं।
इस आयोजन में भारत के 120 अत्याधुनिक स्टार्टअप्स और 20 से अधिक उत्कृष्ट संस्थान 13 महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों में अपनी नवाचार क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम में दुनिया भर से 350 से अधिक प्रमुख निवेशक और वेंचर कैपिटलिस्ट भी भाग ले रहे हैं।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मैक्रों की उपस्थिति के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि भारत और फ्रांस वैश्विक चुनौतियों के समाधान के लिए लगातार मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा को बढ़ावा देने जैसी भारत-फ्रांस साझेदारियों का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ दोनों देशों की वैश्विक कल्याण के लिए साथ काम करने की प्रतिबद्धता का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने भारत में स्टार्टअप क्रांति का उल्लेख करते हुए कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सैटेलाइट तकनीक, उन्नत विनिर्माण, ग्रीन हाइड्रोजन, बैटरी तकनीक और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे क्षेत्र भविष्य के विकास की दिशा तय कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि डिजिटल युग में चल रही तकनीकी क्रांति मानवता के लिए नए अवसर लेकर आई है। उन्होंने नवोन्मेषकों, उद्यमियों और निवेशकों से ऐसी तकनीकों के विकास का आह्वान किया जो भरोसेमंद, समावेशी और मानव-केंद्रित हों। उन्होंने कहा कि किसी स्टार्टअप की सफलता केवल उसकी बाजार कीमत से नहीं, बल्कि मानवता पर उसके सकारात्मक प्रभाव से भी आंकी जानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, बायोटेक्नोलॉजी, रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, मेडटेक, एडवांस्ड मैटेरियल्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप्स और नवाचारकर्ताओं से संवाद भी किया। दोनों नेताओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर भारत की उभरती तकनीकी क्षमताओं की सराहना की।
‘भारत इनोवेट्स 2026’ विकसित भारत के विजन के अनुरूप भारत को वैश्विक नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। साथ ही यह कार्यक्रम वैश्विक तकनीकी परिदृश्य में भारत-फ्रांस सहयोग की बढ़ती अहमियत को भी रेखांकित करता है।
अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News
(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)
