Skip to Content

द्रौपदी मुर्मू बनीं भारत की 15वीं राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने दिलवाई शपथ

द्रौपदी मुर्मू बनीं भारत की 15वीं राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने दिलवाई शपथ

Closed
by July 25, 2022 News

25 July. 2022. New Delhi. भारत की 15वीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में संसद भवन में राष्ट्रपति पद की शपथ ली। उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एन वी रमणा ने उन्हें राष्ट्रपति पद की शपथ दिलवाई। इस मौके पर अपने संबोधन में द्रोपदी मुर्मू ने कहा कि भारत की 15वीं राष्ट्रपति के पद तक पहुँचना मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, ये भारत के प्रत्येक गरीब की उपलब्धि है। ये हमारे लोकतंत्र की ही शक्ति है कि उसमें एक गरीब घर में पैदा हुई बेटी, दूर-सुदूर आदिवासी क्षेत्र में पैदा हुई बेटी, भारत के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंच सकती है। मैं जनजातीय समाज से हूँ, और वार्ड कौन्सिलर से लेकर भारत की राष्ट्रपति बनने तक का अवसर मुझे मिला है। यह लोकतंत्र की जननी भारतवर्ष की महानता है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि एक संसदीय लोकतंत्र के रूप में 75 वर्षों में भारत ने प्रगति के संकल्प को सहभागिता एवं सर्व-सम्मति से आगे बढ़ाया है।विविधताओं से भरे अपने देश में हम अनेक भाषा, धर्म, संप्रदाय, खान-पान, रहन-सहन, रीति-रिवाजों को अपनाते हुए ‘एक भारत – श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में सक्रिय हैं।आजादी के 75वें वर्ष के अवसर पर आया ये अमृतकाल भारत के लिए नए संकल्पों का कालखंड है।आज मैं इस नए युग के स्वागत में अपने देश को नई सोच के साथ तत्पर और तैयार देख रही हूँ।भारत आज हर क्षेत्र में विकास का नया अध्याय जोड़ रहा है।कोरोना महामारी के वैश्विक संकट का सामना करने में भारत ने जिस तरह का सामर्थ्य दिखाया है, उसने पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ाई है।हम हिंदुस्तानियों ने अपने प्रयासों से न सिर्फ इस वैश्विक चुनौती का सामना किया बल्कि दुनिया के सामने नए मापदंड भी स्थापित किए। कुछ ही दिन पहले भारत ने कोरोना वैक्सीन की 200 करोड़ डोज़ लगाने का कीर्तिमान बनाया है।इस पूरी लड़ाई में भारत के लोगों ने जिस संयम, साहस और सहयोग का परिचय दिया, वो एक समाज के रूप में हमारी बढ़ती हुई शक्ति और संवेदनशीलता का प्रतीक है।भारत ने इन मुश्किल हालात में न केवल खुद को संभाला बल्कि दुनिया की मदद भी की।कोरोना महामारी से बने माहौल में, आज दुनिया भारत को नए विश्वास से देख रही है।दुनिया की आर्थिक स्थिरता के लिए, सप्लाई चेन की सुगमता के लिए, और वैश्विक शांति के लिए दुनिया को भारत से बहुत उम्मीदें हैं।आगामी महीनों में भारत अपनी अध्यक्षता में G-20 ग्रुप की मेजबानी भी करने जा रहा है।इसमें दुनिया के बीस बड़े देश भारत की अध्यक्षता में वैश्विक विषयों पर मंथन करेंगे।मुझे विश्वास है भारत में होने वाले इस मंथन से जो निष्कर्ष और नीतियाँ निर्धारित होंगी, उनसे आने वाले दशकों की दिशा तय होगी।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि “मुझे राष्ट्रपति के रूप में देश ने एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना है जब हम अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।आज से कुछ दिन बाद ही देश अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे करेगा।ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तभी मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी। और आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है।ऐसे ऐतिहासिक समय में जब भारत अगले 25 वर्षों के विजन को हासिल करने के लिए पूरी ऊर्जा से जुटा हुआ है, मुझे ये जिम्मेदारी मिलना मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है। मैं देश की ऐसी पहली राष्ट्रपति भी हूँ जिसका जन्म आज़ाद भारत में हुआ है। हमारे स्वाधीनता सेनानियों ने आजाद हिंदुस्तान के हम नागरिकों से जो अपेक्षाएं की थीं, उनकी पूर्ति के लिए इस अमृतकाल में हमें तेज गति से काम करना है।”

राष्ट्रपति मुर्मू के शपथग्रहण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा कि पूरे देश ने द्रौपदी मुर्मू जी के भारत के राष्ट्रपति के रूप में शपथ को गर्व के साथ देखा। उनका राष्ट्रपति पद ग्रहण करना भारत के लिए विशेष रूप से गरीबों, हाशिए पर पड़े और दलितों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण है। मैं उन्हें एक उपयोगी राष्ट्रपति कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने शपथ ग्रहण के बाद अपने संबोधन में आशा और करुणा का संदेश दिया। उन्होंने भारत की उपलब्धियों पर जोर दिया और ऐसे समय में आगे की राह का एक भविष्यवादी दृष्टिकोण प्रस्तुत किया जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है।

उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत की राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमती मुर्मू जी, नारी अभ्युदय का स्वर्णिम प्रतीक हैं। मानवता का विकास, नए भारत का निर्माण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की पूर्णता नारी शक्ति के योगदान के बिना असंभव है।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News….Facebook पर Uttarakhand Mirror से जुड़ें

( उत्तराखंड की नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media