सेशेल्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ सम्मान से किया सम्मानित
28 June 2026. नई दिल्ली/विक्टोरिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आज एक विशेष समारोह में सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी द्वारा देश के सर्वोच्च राष्ट्रपति सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ (Guardian of the Blue Horizon) से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान पहली बार किसी व्यक्ति को प्रदान किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास, ब्लू इकोनॉमी को बढ़ावा देने, जलवायु परिवर्तन से निपटने, समुद्री संसाधनों के सतत प्रबंधन और लघु द्वीपीय विकासशील देशों (SIDS) के विकास के प्रति उनके दीर्घकालिक योगदान के लिए दिया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे उन सभी देशों को समर्पित किया जो पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के खिलाफ वैश्विक प्रयासों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मिला यह सम्मान दोनों देशों की विशेष मित्रता को और अधिक मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी की पर्यावरण संबंधी प्रमुख पहलों में इंटरनेशनल सोलर एलायंस (International Solar Alliance), मिशन लाइफ (Mission LiFE – Lifestyle for Environment), ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस (International Big Cat Alliance) शामिल हैं। इन पहलों के माध्यम से भारत ने वैश्विक स्तर पर सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने का प्रयास किया है।
इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी को सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए एफएओ का एग्रीकोला मेडल (FAO Agricola Medal), सियोल शांति पुरस्कार (Seoul Peace Prize) और संयुक्त राष्ट्र का ‘चैंपियन ऑफ द अर्थ’ (UN Champions of the Earth Award) जैसे प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।
सेशेल्स सरकार ने इस सम्मान के माध्यम से हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की बढ़ती भूमिका, क्षमता निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और साझा क्षेत्रीय प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने में भारत के योगदान की सराहना की है।
अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News
(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)
