Skip to Content

सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में होंगे मुख्य अतिथि, हुआ भव्य स्वागत

सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ समारोह में होंगे मुख्य अतिथि, हुआ भव्य स्वागत

Closed
by June 27, 2026 News

27 June 2026. विक्टोरिया (सेशेल्स), 27 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे। यह यात्रा 27 से 29 जून तक चलेगी। प्रधानमंत्री सेशेल्स की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर 28 जून को आयोजित होने वाले समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वर्ष 2015 के बाद यह उनकी दूसरी सेशेल्स यात्रा है।

सेशेल्स की राजधानी विक्टोरिया स्थित माहे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। स्वागत समारोह में सेशेल्स के कई गणमान्य व्यक्ति और भारतीय समुदाय के सदस्य भी मौजूद रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दोनों देशों के बीच मजबूत जन-से-जन संबंधों की झलक पेश की। होटल पहुँचने पर सेशेल्स में रहने वाले भारतीय समुदाय ने भी प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया!

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन में वृक्षारोपण किया। प्रधानमंत्री ने दुर्लभ और प्रतिष्ठित कोको डी मेर पाम का पौधा लगाया। यह कार्यक्रम भारत के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और सेशेल्स के हरित स्वतंत्रता अभियान का प्रतीक बना, जो दोनों देशों की सतत विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

दोनों नेताओं ने बॉटनिकल गार्डन में दुनिया के सबसे बड़े और सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले कछुओं में शामिल अल्डाब्रा विशाल कछुए का भी अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि सेशेल्स पहले भारत को मित्रता के प्रतीक के रूप में अल्डाब्रा कछुए भेंट कर चुका है।

दोपहर में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स सरकार को ‘लेस्पवार’ (Lespwar) नामक फास्ट पेट्रोल वेसल उपहारस्वरूप सौंपा। इसके अलावा 10 यूटिलिटी वाहन, 5 लेजर रेडियल नौकाएं और 6 एम्बुलेंस भी सेशेल्स को प्रदान की गईं। इनसे सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा, रक्षा क्षमता और आपदा प्रबंधन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शाम को राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में राजकीय भोज का आयोजन किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-सेशेल्स रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा, समुद्री सुरक्षा, विकास साझेदारी और हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित उत्तराखंड के समाचारों का एकमात्र गूगल एप फोलो करने के लिए क्लिक करें…. Mirror Uttarakhand News

(नंबर वन न्यूज, व्यूज, राजनीति और समसामयिक विषयों की वेबसाइट मिरर उत्तराखंड डॉट कॉम से जुड़ने और इसके लगातार अपडेट पाने के लिए नीचे लाइक बटन को क्लिक करें)

Previous
Next
Loading...
Follow us on Social Media